हरिद्वार (शिखर समाचार)। पुलिस लाइन रोशनाबाद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन के विशाल प्रांगण में मुख्य मार्ग के किनारे जनपद के सभी थानों की ओर से आकर्षक झांकियां सजाई गईं, जिन्होंने पुलिस परिवारों के साथ पहुंचे आमजन का ध्यान खींचा। झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बच्चे, युवा और बुजुर्ग झांकियों की तस्वीरें अपने मोबाइल में कैद करते और सेल्फी लेते नजर आए।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह अपने परिवार एवं पुलिस अधिकारियों के साथ पहुंचे और विभिन्न झांकियों का आनंद लिया। इसके बाद बहुउद्देशीय सभागार में प्रशिक्षु आरक्षियों तथा पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
आकर्षक झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
गायक कलाकार विकास भारद्वाज, सूरज बंडवाल, संगीता ढोंडियाल और अज्जू तोमर के गीतों पर कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस अधिकारी देर रात दुर्गा मंदिर पहुंचे। मंदिर में आकर्षक सजावट के साथ चारधाम की विशेष झांकी सजाई गई थी।
आधी रात श्रीकृष्ण जन्म के साथ मनाया जन्मोत्सव, प्रसाद वितरित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
शुभ मुहूर्त में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही अधिकारियों ने बारी-बारी लड्डू गोपाल को झूला झुलाया और जन्मोत्सव मनाया। इसके बाद उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। जन्मोत्सव के दौरान हुई आतिशबाजी से पूरा क्षेत्र रोशनी और उल्लास से भर उठा। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात निशा यादव, पुलिस अधीक्षक देहात शेखर चंद्र सुयाल, पुलिस अधीक्षक नगर अभय सिंह, पुलिस अधीक्षक संचार विपिन कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
