ग्रेटर नोएडा वेस्ट (शिखर समाचार)। इराॅस सम्पूर्ण सोसायटी में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। रिमझिम बारिश के बावजूद सोसायटी निवासियों का उत्साह कम नहीं हुआ। बच्चों से लेकर महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों तक सभी ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे परिसर में कृष्ण भक्ति का वातावरण बना रहा।
सोसायटी के बुद्धा पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बाहर से आए कलाकारों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक लीलाओं का मंचन किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। स्थानीय कलाकारों और बच्चों ने भी विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिनका उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।
राधा-कृष्ण की लीलाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
जन्माष्टमी के अवसर पर देवस्थानम मंदिर और न्यू फेस में भी विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। भक्ति गीतों और धार्मिक कार्यक्रमों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
बुद्धा पार्क में आयोजित महोत्सव के दौरान ‘सुबह की बैठक’ समूह की ओर से सोसायटी के वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय नेताओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान समाज एवं सोसायटी के लिए योगदान देने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजन के साथ परिसर में मेले का भी आयोजन हुआ, जहां विभिन्न प्रकार के व्यंजनों और खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए गए। बच्चों और महिलाओं ने मेले का खूब आनंद लिया।
आधी रात जयघोष के बीच हुआ श्रीकृष्ण जन्म, देर रात तक चला उत्सव
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर पूरा परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘नंद के घर आनंद भयो’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर एक-दूसरे को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। बारिश के बावजूद देर रात तक उत्सव का माहौल बना रहा। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक सहभागिता का सुंदर संदेश दिया।
