सहारनपुर (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे उद्घाटन कार्यक्रम से पहले सहारनपुर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उनका हेलीकॉप्टर मुजफ्फरनगर से उड़ान भरकर मनोहरपुर के पास गणेशपुर स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
एक्सप्रेस-वे और रूट का स्थलीय निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने एक्सप्रेस वे पर बने लगभग 12 किलोमीटर लंबे वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर से होते हुए डाट काली मंदिर तक निरीक्षण किया। उन्होंने समारोह स्थल से लेकर प्रधानमंत्री के प्रस्तावित रूट तक सुरक्षा और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को गणेशपुर हेलीपैड पर उतरेंगे और मुख्यमंत्री के साथ ऐलीवेटेड रोड से होते हुए डाट काली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे देहरादून में जनसभा को संबोधित करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियां
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर की गई है। पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपीजी, पीएसी, पुलिस, अर्धसैनिक बल, आरएएफ, होमगार्ड और पीआरडी के जवान सुरक्षा में लगाए गए हैं।
कार्यक्रम स्थल की निगरानी के लिए 36 ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार आधी रात से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रतिबंधित कर दिया जाएगा और रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
एक्सप्रेस-वे से विकास को नई रफ्तार की उम्मीद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर उतारकर रिहर्सल भी पूरी कर ली गई है। मुख्यमंत्री ने बाद में सर्किट हाउस पहुंचकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर अंतिम तैयारियों की समीक्षा की। उनका रात्रि विश्राम भी सर्किट हाउस में ही निर्धारित है।
करीब 212 किलोमीटर लंबे और छह लेन वाले दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून की दूरी और समय में भारी कमी आएगी। अब यह सफर लगभग ढाई से तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा। इस परियोजना से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
