बिजनौर (शिखर समाचार)। बिजनौर नगर पालिका परिषद ने जजी चौक से जिलाधिकारी आवास होते हुए रोडवेज तक जाने वाली जर्जर सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। लंबे समय से बदहाल इस मार्ग के बनने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच के लिए देर रात मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। पालिका प्रशासन के अनुसार, सड़क निर्माण अगले एक-दो दिनों में पूरा होने की संभावना है।
जजी चौक से रोडवेज तक सड़क निर्माण शुरू, एक-दो दिन में पूरा होने की उम्मीद
जजी चौक से रोडवेज तक की सड़क लंबे समय से खस्ताहाल थी। स्थानीय नागरिकों के साथ व्यापारी संगठन भी इसके निर्माण की मांग उठा रहे थे। व्यापारियों ने जनहित से जुड़ी इस समस्या को लेकर जिलाधिकारी जसजीत कौर से मुलाकात कर सड़क बनवाने की मांग की थी। मार्ग पर जगह-जगह एक से डेढ़ फीट तक गहरे गड्ढे हो गए थे, जिनके कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था।
प्रशासनिक बाधा दूर होते ही नगर पालिका ने देर रात युद्धस्तर पर काम शुरू करा दिया। निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता और मानकों पर नजर रखने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. बीरबल सिंह, पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह, अवर अभियंता गौरव शर्मा और अवर अभियंता यशवंत कुमार मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कई घंटे तक कार्य का निरीक्षण किया और निर्माण की बारीकियों को परखा।
पालिका अध्यक्ष ने देर रात किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिया जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह ने कहा कि सड़क का निर्माण अगले एक-दो दिनों में पूरा करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर की सड़कों को खस्ताहाल नहीं रहने दिया जाएगा और नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है।
