हरिद्वार (शिखर समाचार)। धर्मनगरी हरिद्वार में मंगलवार को विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए और बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया गया। रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में श्री रामलीला कमेटी हरिद्वार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। वहीं, दशहरा उत्सव के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति भी बनी रही।
रोड़ी बेलवाला में रावण दहन, शहर के प्रमुख मार्गों पर लगा जाम
गत 11 अक्टूबर से शुरू हुए अश्विन नवरात्र का समापन सोमवार को महानवमी पर कन्या पूजन के साथ हुआ था। इस अवसर पर हरिद्वार के आश्रमों, मंदिरों और मठों में श्रद्धालुओं ने कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद मंगलवार को विजयादशमी पर विभिन्न स्थानों पर दशहरा मेलों और रावण दहन के आयोजन हुए।
रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में शाम करीब सात बजे आयोजित कार्यक्रम में रामलीला के प्रसंगों के तहत मेघनाद, कुंभकरण और रावण के वध का मंचन किया गया। इसके बाद तीनों के पुतलों का दहन किया गया। रावण दहन देखने के लिए उमड़ी भीड़ के कारण कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई। लालतारौ पुल, मूर्ति रोड, रोडवेज और रानीपुर मोड़ से आर्यनगर जाने वाले मार्गों सहित कई स्थानों पर जाम की स्थिति देखने को मिली। पुलिस प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था संभालने के प्रयास किए गए।
सेक्टर चार, कनखल और ग्रामीण क्षेत्रों में भी धूमधाम से मना दशहरा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सेक्टर चार में भी दशहरा मेले का आयोजन हुआ, जहां मेघनाद, कुंभकरण और रावण के पुतलों का दहन किया गया। कनखल सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी विजयादशमी उत्साह के साथ मनाई गई।
पर्व को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन सतर्क रहा और विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह और नगर निगम की महापौर किरण जैसल सहित संबंधित अधिकारियों ने नागरिकों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।
