बिजनौर (शिखर समाचार)।
राष्ट्रीय वाल्मीकि क्रांतिकारी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक 6 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी जसजीत कौर को सौंपा। इस ज्ञापन में नगर पालिकाओं में रिक्त पदों पर स्थाई भर्ती करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, संविदा कर्मियों को स्थाई करने और प्रदेश में आगामी चुनावों में अनुसूचित जाति (SC) सीटों पर वाल्मीकि समाज को कम से कम 15 टिकट दिए जाने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
शुक्रवार सुबह 11 बजे मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता बिजनौर के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पर एकत्र हुए। वहां से मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र सोढी, प्रदेश महामंत्री मनोज वाल्मीकि, मंडल अध्यक्ष यश कुमार, जिला अध्यक्ष विशाल पारछा और रंजीत पवार के नेतृत्व में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट स्थित डीएम कार्यालय पहुंचे।
सफाई कर्मियों की स्थाई भर्ती और ठेका प्रथा समाप्त करने की मांग
ज्ञापन में उठाई गईं प्रमुख मांगों में प्रदेश के स्थानीय निकायों में वर्षों से कार्यरत सफाई कर्मियों को तुरंत नियमित किया जाने, सफाई कार्य में ठेकेदारी प्रथा को पूरी तरह समाप्त कर एक लाख सफाई कर्मचारियों की नई स्थाई भर्ती निकाली जाने, वर्तमान में कार्यरत आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों को मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार 20 हजार रुपये प्रति माह न्यूनतम वेतन दिया जाने तथा आउटसोर्स सेवा निगम का शीघ्र गठन हो, ताकि सफाई कर्मियों का वेतन और अन्य सुविधाएं समय पर मिल सके आदि मांगें शामिल हैं।
ज्ञापन सौंपने से पहले पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र सोढी की अध्यक्षता में एक बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें समाज की समस्याओं और भावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
