सहारनपुर (शिखर समाचार)।
श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शुक्रवार को शिवभक्त कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के सम्मान एवं उत्साहवर्धन के लिए सहारनपुर के घंटाघर चौक पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। आसमान से बरसे फूलों को देखकर कांवड़ियों में उत्साह दिखाई दिया और पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” तथा “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंज उठा।
पुष्पवर्षा के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ घंटाघर चौक पर मौजूद रहे। उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण करते हुए सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
डीआईजी ने ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी स्थिति में त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ियों का आवागमन सुरक्षित, सुगम और निर्बाध बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
