——-सोमवार से घर घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें, सार्वजनिक स्थानों पर भी चलेगा विशेष अभियान
शामली (शिखर समाचार)। पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रविवार को थानाभवन ब्लॉक क्षेत्र में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के पहले दिन पूरे ब्लॉक के 143 बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग ने सुनिश्चित किया है कि कोई भी बच्चा दवा से वंचित न रहे, इसके लिए बूथों के अलावा मोबाइल एवं विशेष टीमें भी तैनात की गई हैं।
थानाभवन सीएचसी पर हुआ अभियान का शुभारंभ
थानाभवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर अभियान का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दीपक कोरी ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने सीएचसी प्रभारी डॉ. सुशील कुमार के साथ बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत कराई।
सीएचसी प्रभारी डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि पूरे ब्लॉक में कुल 97 टीमें गठित की गई हैं। इनमें थानाभवन और जलालाबाद कस्बों में 20-20 टीमें तैनात की गई हैं। इसके अलावा तीन मोबाइल टीमें ईंट-भट्ठों पर कार्यरत मजदूरों के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का कार्य करेंगी। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थानों पर सात विशेष टीमें लगाई गई हैं, जबकि किसी भी आवश्यकता के लिए तीन बैकअप टीमें भी तैयार रखी गई हैं।
घर-घर तक पहुंचेगी पोलियो की खुराक
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने बताया कि रविवार को बूथ आधारित अभियान के बाद सोमवार से शुक्रवार तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित किया जाएगा।
अभियान को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएं, समूह सखियां तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी के खतरे से असुरक्षित न रहे।
