बिजनौर (शिखर समाचार)।
आगामी श्रावण मास की महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित विदुर सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
कांवड़ मार्गों की मरम्मत और यातायात व्यवस्था पर निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी कांवड़ मार्गों का भौतिक सत्यापन कर क्षतिग्रस्त सड़कों की समयबद्ध मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहे, इसके लिए आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर, ट्रैफिक साइनेज और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही जर्जर विद्युत पोल एवं लटकते तारों को तत्काल दुरुस्त कर पोलों की टेपिंग कराने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी ढाबों और रेस्टोरेंट के बाहर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए। यात्रा अवधि में नॉन-वेज रेस्टोरेंट बंद रखे जाएं तथा कांवड़ मार्ग और शिविरों के आसपास स्थित शराब की दुकानों को पूरी तरह ढककर रखा जाए।
स्वास्थ्य और आपात सेवाओं की मजबूत व्यवस्था
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए मार्ग पर पर्याप्त मेडिकल कैंप स्थापित करने तथा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं मेडिकल कैंपों में जीवन रक्षक दवाओं के साथ एंटी वेनम और एंटी रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंशिका दीक्षित, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) देवेंद्र पाल सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी धामपुर स्मृति मिश्रा सहित सभी उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
