हैजरपुर हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिला सपा का प्रतिनिधिमंडल, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Hazarpur murder case: A delegation from Samajwadi Party met the victim’s family, raised questions over law and order. IMAGE CREDIT TO REPORTER

बिजनौर (शिखर समाचार)। समाजवादी पार्टी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को चांदपुर क्षेत्र के ग्राम हैजरपुर पहुंचकर मृतक प्रशांत सैनी (23) के परिजनों से मुलाकात की। सपा नेताओं ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने का भरोसा दिलाया।

परिवार की मांगें और न्याय की गुहार

ALSO READ:https://zeenews.india.com/hindi/india/up-uttarakhand/ghaziabad/photo-gallery-gda-decided-in-meeting-10-crossings-widened-and-beautified-in-ghaziabad/2875019

प्रतिनिधिमंडल के सामने पीड़ित परिवार ने अपना दर्द साझा करते हुए एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, सरकारी आवास तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी। परिजनों ने स्पष्ट कहा कि दोषियों को उम्रकैद या फांसी से कम सजा स्वीकार नहीं होगी।

मौके पर मौजूद एटा से सपा सांसद देवेश शाक्य ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। दबंगों को खुली छूट मिल गई है, जिससे निर्दोष युवाओं की हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल कागजी कार्रवाई कर रही है, जबकि आम नागरिक भय के साये में जीने को मजबूर है।

सरकार पर सपा का हमला

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-sewer-accident-ceo-takes-strict-action

निवर्तमान जिलाध्यक्ष शेख जाकिर हुसैन ने कहा कि समाजवादी पार्टी इस जघन्य घटना के खिलाफ मजबूती से खड़ी है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराने और परिवार की मांगों को पूरा कराने के लिए पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।

गौरतलब है कि हैजरपुर निवासी प्रशांत सैनी को कुछ दबंगों द्वारा बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया था। गंभीर रूप से घायल प्रशांत की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद से सैनी समाज सहित पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।सपा प्रतिनिधिमंडल में देवेश शाक्य, शेख जाकिर हुसैन, विधायक स्वामी ओमवेश, विधायक मनोज कुमार पारस, विधायक राम अवतार सिंह सैनी, विधायक तसलीम अहमद, प्रदेश सचिव जयपाल सिंह सैनी, डॉ. लाखन सिंह पाल, श्याम लाल ‘बच्ची सैनी’, डॉ. कुन्तेश सैनी और चौधरी संसार सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment