हापुड़ (शिखर समाचार)। थाना हापुड़ नगर क्षेत्र के बदनौली गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट, पथराव और फायरिंग की घटना के बाद पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने लापरवाही के आरोप में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। सीओ सिटी को हटाकर कार्यालय और पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि सदर कोतवाल को लाइन हाजिर किया गया है। एक चौकी प्रभारी और बीट हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस विभाग में कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को बदनौली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट, पथराव और फायरिंग शुरू हो गई। गोलीबारी में चार लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे।
लापरवाही पर सीओ सिटी और सदर कोतवाल पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही के आरोप में सीओ सिटी अनीता चौहान को सीओ कार्यालय एवं पुलिस लाइन भेजा गया है। सीओ क्राइम दीपक चतुर्वेदी को नया सीओ सिटी बनाया गया है, जबकि सीओ कार्यालय में तैनात जितेंद्र शर्मा को सीओ क्राइम की जिम्मेदारी दी गई है।
सदर कोतवाल मनीष चौहान को लाइन हाजिर करते हुए कपूरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार को हापुड़ नगर का नया कोतवाल बनाया गया है। मीडिया सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह को कपूरपुर थाने का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
चौकी प्रभारी और बीट हेड कांस्टेबल निलंबित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
घटना में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जगतपाल और बीट हेड कांस्टेबल मोनू मलिक को निलंबित कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
