हापुड़ (शिखर समाचार)।
हापुड़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों को जल्द ही बेहतर सड़क सुविधाओं का लाभ मिलने जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र के 15 स्थानों पर इंटरलॉकिंग साइड पटरी निर्माण के लिए 16.67 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई है। इन विकास कार्यों के पूरे होने से शहर की प्रमुख सड़कों की यातायात व्यवस्था और सौंदर्यीकरण में भी सुधार होगा।
विधायक विजय पाल आढ़ती ने बताया कि विकास कार्यों को लेकर उन्होंने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर सड़क निर्माण और इंटरलॉकिंग पटरी निर्माण की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभिन्न प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
प्रमुख सड़कों पर होगा इंटरलॉकिंग साइड पटरी निर्माण
स्वीकृत कार्यों के तहत बुलंदशहर रोड पर तहसील चौराहे से फिरोज बिल्डिंग तक 1.98 करोड़ रुपये, रामपुर रोड की ओर 1.70 करोड़ रुपये, दिल्ली रोड पर सबली गेट से बालाजी मंदिर तक 1.96 करोड़ रुपये तथा कलेक्ट्रेट के पीछे से अंबेडकर चौराहा तक 1.57 करोड़ रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग पटरी बनाई जाएगी। इसके अलावा गढ़ रोड पर रेलवे लाइन से ततारपुर बाईपास तक दोनों ओर 1.79-1.79 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त मोदीनगर रोड, वार्ड-33 में सिकंदर गेट पुलिया से एमएस गार्डन तक तथा तिरुपति गार्डन से सबली गेट तक दोनों ओर इंटरलॉकिंग पटरी का निर्माण भी कराया जाएगा।
जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया, लोगों को मिलेगा लाभ
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
विधायक विजय पाल आढ़ती ने स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र की जनता को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी और शहर की सड़क व्यवस्था पहले से अधिक सुगम व व्यवस्थित होगी।
