जानलेवा फायरिंग करने वाले 2 अभियुक्तों को लोनी पुलिस ने किया गिरफ्तार, अवैध पिस्टल बरामद

Rashtriya Shikhar
4 Min Read
Loni Police Arrest Two Accused Involved in a Deadly Firing Incident; Illegal Pistol Recovered IMAGE CREDIT TO POLICE

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। लोनी थाना पुलिस और ग्रामीण जोन स्वाट टीम ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध .32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने पारिवारिक विवाद के चलते वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

संवाददाता सम्मेलन में एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि 4 जुलाई को लोनी थाना क्षेत्र निवासी राजेश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात युवक बुलेट मोटरसाइकिल से उनके घर के बाहर पहुंचे और उनके बेटे तुषार पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना लोनी में हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विवेक पुत्र रामकृष्ण निवासी बलराज नगर, लोनी बॉर्डर और नवनीत उर्फ मीनू पुत्र नानक चंद निवासी टिमकिया, थाना जानी, मेरठ की पहचान की। रविवार को मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पारिवारिक विवाद में साले पर की थी फायरिंग

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध .32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी विवेक ने बताया कि उसकी पत्नी से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान उसके साले तुषार ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया था, जिससे वह बेहद नाराज था। बदला लेने की नीयत से उसने अपने दोस्त नवनीत के साथ मिलकर 3 जुलाई की रात अपने ससुराल न्यू विकास नगर, लोनी पहुंचकर तुषार पर फायरिंग की थी। आरोपी ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल नवनीत लेकर आया था।

हत्या के मुकदमे में जेल जा चुका है नवनीत

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि नवनीत वर्ष 2021 में मेरठ के जानी थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। जेल में उसकी मुलाकात एक अन्य आरोपी से हुई थी, जिसके संपर्क में आने के बाद उसने अवैध पिस्टल खरीदी थी। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a comment