जेवर (शिखर समाचार)। जेवर क्षेत्र के गांव बनवारीबास में हुई नाबालिग किशोर की हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित परिवार से मिलने विभिन्न राजनीतिक दलों, किसान संगठनों तथा सामाजिक संगठनों के नेता लगातार पहुंच रहे हैं और परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दे रहे हैं। वहीं पीड़ित परिवार ने भारतीय जनता पार्टी के एक बड़े नेता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ था 14 वर्षीय किशोर
जानकारी के अनुसार गांव बनवारीबास निवासी 14 वर्षीय किशोर गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। शुक्रवार देर रात गांव के पास बने एक कमरे में किशोर का शव बरामद हुआ। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने किशोर के साथ कुकर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
राजनीतिक दलों और संगठनों ने की परिवार से मुलाकात
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
घटना के लगभग एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों और परिजनों में रोष बना हुआ है। इसी बीच समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी समेत कई किसान संगठनों के प्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। जेवर नगर पंचायत अध्यक्ष पहलवान नारायण माहेश्वरी ने भी परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
पुलिस की जांच तेज, कई टीमों की दबिश जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
परिवार का आरोप है कि मामले में प्रभावशाली लोगों का संरक्षण मिलने के कारण कार्रवाई में देरी हो रही है। वहीं पुलिस की कई टीमें बुलंदशहर, खुर्जा, अलीगढ़ तथा हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर गांव से फरार चल रहे संदिग्ध लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच तेजी से चल रही है और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
