मोदीनगर (शिखर समाचार)। भारतीय किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले बस स्टैंड स्थित बाबा भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने 6 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा धरना बृहस्पतिवार दोपहर अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। मोर्चा अध्यक्ष बबली गुर्जर के नेतृत्व में चल रहा यह धरना बीते दिन क्रमिक अनशन में बदल गया था।
अधिकारियों के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना
दोपहर के समय उप जिलाधिकारी (एसडीएम) कोमल पवार, सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सिद्धार्थ गौतम और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) नरेंद्र मोहन मिश्र अधिकारियों के साथ धरना स्थल पहुंचे। अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच मांगों को लेकर लंबी बातचीत हुई।
एसडीएम ने आश्वासन दिया कि सीकरी से कलछीना तक सड़क का निर्माण कार्य 4 दिन बाद शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही सीकरी रोड रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज और तिबड़ा रोड पर फुट ओवरब्रिज बनाने की प्रस्तावित प्रक्रिया जारी है।
सड़क निर्माण और मंदिर के सुंदरीकरण को लेकर मिला आश्वासन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पौराणिक सीकरी महामाया देवी मंदिर के खाते में जमा करीब 30 करोड़ रुपये की धनराशि के उपयोग के लिए जल्द बैठक बुलाई जाएगी, जिससे मंदिर के विस्तारीकरण व सुंदरीकरण का कार्य हो सके।
अन्य मांगों पर सहमति बनने के बाद एसडीएम ने अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। बबली गुर्जर ने बताया कि आपसी सहमति के आधार पर फिलहाल धरना समाप्त किया जा रहा है। इस मौके पर सत्येंद्र शर्मा, नीरज प्रजापति, विकल प्रधान, निर्दोष खटाना व हरेंद्र शर्मा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
