सहारनपुर (शिखर समाचार)। मां शाकंभरी देवी के शारदीय नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त रूपेश कुमार और जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने मेला परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
शारदीय नवरात्र मेले की तैयारियों का मंडलायुक्त ने लिया जायजा
मंडलायुक्त ने कहा कि मेले का आयोजन पिछले वर्षों की तरह दिव्य और भव्य होना चाहिए। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्युत विभाग को मेले के दौरान सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मेला परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने और उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा सके। उन्होंने शुद्ध पेयजल की उपलब्धता और परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए विशेष निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/’
मंडलायुक्त ने श्रद्धालुओं के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही मोबाइल शौचालय और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत सुरक्षा के मानकों का पालन करते हुए दुकानों की व्यवस्था कराने को कहा। इसके अलावा खोल क्षेत्र में पानी आने की स्थिति में चेतावनी प्रणाली को सक्रिय रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए बैरिकेडिंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बेहट के उपजिलाधिकारी सुबोध कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
