हापुड़ (शिखर समाचार)
संयुक्त हापुड़ उद्योग व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर जिले में सरकारी कार्यदायी संस्थाओं के माध्यम से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। मंडल के अध्यक्ष ललित कुमार छावनी वाले ने कहा कि जनपद हापुड़ एनसीआर में शामिल होने के बावजूद अब तक यहां एनसीआर क्षेत्र जैसी कोई सुविधा नहीं दी गई है, जबकि सभी पाबंदियां लागू कर दी गई हैं।
वायु प्रदूषण के चलते फैक्ट्रियां ठप — उद्योग और प्रशासन के बीच संतुलन की जरूरत
मंडल अध्यक्ष ललित अग्रवाल, टुक्कीराम गर्ग, संजय अग्रवाल और मनीष गर्ग ने पत्र में उल्लेख किया है कि वायु प्रदूषण को देखते हुए एनजीटी द्वारा लागू की गई ग्रेप-3 की सभी शर्तें हापुड़ में प्रभावी हो गई हैं। इसके चलते एक बड़ी फैक्ट्री को बंद कराना पड़ा और सैकड़ों फैक्ट्रियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस स्थिति में नगर पालिका परिषद, जिला पंचायत और एचपीडीए जैसी कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए थीं, ताकि औद्योगिक गतिविधियां प्रभावित न हों।
व्यापार मंडल ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद की ओर से सड़कों की सफाई के लिए रोड स्वीपिंग मशीनों का प्रयोग नहीं किया जा रहा है। सड़कों पर धूल न उड़े इसके लिए पानी का छिड़काव भी नहीं होता, जबकि एनटी स्मॉग गन का उपयोग अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा, खुले में कूड़ा जलाने पर प्रतिबंध के बावजूद नगर पालिका कर्मियों द्वारा प्रतिदिन सड़कों के किनारे कूड़ा जलाया जा रहा है, जिससे प्रदूषण और बढ़ रहा है। मंडल ने मांग की है कि जनपद हापुड़ को एनसीआर क्षेत्र के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उद्योग व व्यापारिक गतिविधियां बिना बाधा के सुचारू रूप से चल सकें।
