ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का पवेलियन पांच दिनों तक युवाओं के लिए ज्ञान, करियर और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का प्रमुख केंद्र बना रहा। पवेलियन में पुस्तकों की प्रदर्शनी के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे युवाओं में विशेष रुचि दिखाई दी। भारतीय इतिहास, संस्कृति, राजनीतिक विज्ञान, उभरते भारत, उभरते उत्तर प्रदेश और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी पुस्तकों को देखने के लिए दिनभर युवाओं की आवाजाही बनी रही। कई युवा पुस्तकों को वहीं बैठकर पढ़ते नजर आए, जबकि कुछ ने पसंद आई पुस्तकों और उनके प्रकाशकों की जानकारी अपने मोबाइल में दर्ज की।
प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों में युवाओं की खास रुचि
उत्तर प्रदेश वार्षिकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए विशेष आकर्षण रही। सिकंदराबाद से आईं पीसीएस अभ्यर्थी निधि यादव ने बताया कि उनकी सहपाठी ने उन्हें ट्रेड शो में उपलब्ध उत्तर प्रदेश वार्षिकी के बारे में जानकारी दी थी, जिसके बाद वह विशेष रूप से पुस्तक देखने और लेने पहुंचीं। पवेलियन में ‘बनारस तेरे रंग हजार’, ‘योगी का राम राज्य’, ‘लोक आराधना की अभिव्यक्ति’, ‘तीर्थनामा अयोध्या’, ‘न्यू यूपी फॉर ए न्यू इंडिया’ और ‘विकसित यूपी विकसित भारत’ जैसी पुस्तकों में भी युवाओं ने रुचि दिखाई।
सेल्फी क्षेत्र और इलेक्ट्रॉनिक ग्लोब भी बने आकर्षण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पवेलियन का सेल्फी क्षेत्र भी युवाओं के आकर्षण का केंद्र रहा। अयोध्या का राम मंदिर, वाराणसी का नमो घाट, वृंदावन का प्रेम मंदिर और सारनाथ जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों की पृष्ठभूमि में युवाओं ने तस्वीरें लीं। इलेक्ट्रॉनिक ग्लोब के जरिए उभरते भारत और उभरते उत्तर प्रदेश की जानकारी भी प्रदर्शित की गई। सेल्फी लेने के लिए कई युवाओं को करीब आधे घंटे तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। तस्वीर लेने के बाद सूचना विभाग की ओर से युवाओं को उपहार भी दिए गए। पांच दिवसीय आयोजन में पवेलियन ने युवाओं को ज्ञान, करियर, संस्कृति और डिजिटल माध्यम से प्रदेश की विरासत से जोड़ने का प्रयास किया।
