कबाड़ी और कचरा बीनने वालों को कचरा न जलाने के लिए किया जागरूक

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Scrap Dealers and Waste Pickers Sensitized Against Burning Garbage IMAGE CREDIT TO प्राधिकरण

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। स्वच्छता को बढ़ावा देने और वायु प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। मंगलवार को प्राधिकरण ने सहयोगी संस्था फीडबैक फाउंडेशन के साथ राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान के पास जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें कबाड़ी और कचरा बीनने वाले श्रमिकों को व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई बनाए रखने तथा प्लास्टिक और अन्य प्रकार के कचरे को नहीं जलाने के प्रति जागरूक किया गया। जागरूकता सत्र में श्रमिकों को बताया गया कि कार्यस्थल और उसके आसपास कचरा एकत्र होने से गंदगी और प्रदूषण बढ़ता है। इसलिए कचरे का उचित प्रबंधन और नियमानुसार निस्तारण किया जाना जरूरी है।

व्यक्तिगत स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर दिया जोर

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

प्रतिभागियों को नियमित रूप से व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही प्लास्टिक और अन्य कचरा जलाने से निकलने वाले धुएं के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि कचरा जलाने से निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण बढ़ाने के साथ मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसलिए श्रमिकों से कचरा नहीं जलाने और उसे उचित तरीके से अलग कर निस्तारित करने की अपील की गई।

स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त ग्रेटर नोएडा के लिए जनसहभागिता पर जोर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

प्राधिकरण की ओर से कहा गया कि स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण के लिए जनसहभागिता जरूरी है। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाने और स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त ग्रेटर नोएडा के निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राम कुमार, प्रबंधक कनुप्रिया, पर्यवेक्षक राजेश तथा फीडबैक फाउंडेशन के परियोजना प्रबंधक संजय शुक्ला सहित अन्य संबंधित प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment