गाजियाबाद (शिखर समाचार)। 29 अप्रैल को प्रातः लगभग 8 बजे इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू, अभय खंड-2 में आग लगने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आपदा प्रबंधन की सभी आवश्यक कार्यवाहियां शुरू कर दीं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान प्रारंभ किया। साथ ही पुलिस बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल तथा प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से आग पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया गया, जिससे संभावित बड़े हादसे को टालते हुए किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने दी गई, हालांकि इस घटना में 8 फ्लैट प्रभावित हुए।
जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, जांच के आदेश
घटनास्थल पर पहुंचकर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने स्थिति का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को क्षति का विस्तृत आकलन करने तथा प्रभावित परिवारों को शासन की नीतियों के अनुरूप हर संभव सहायता और राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अग्निकांड के कारणों की गहन जांच कराने के भी आदेश दिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों से वार्ता करते हुए भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनके साथ है और हर संभव मदद प्रदान की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा विद्युत एवं गैस उपकरणों का उपयोग अत्यंत सावधानीपूर्वक करें।
आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सौरभ भट्ट ने कहा कि जिला प्रशासन जनसुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए सदैव तत्पर रहता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि अग्निकांड जैसी स्थिति में नागरिक टोल फ्री नंबर 101 एवं 112 सहित अन्य आपातकालीन नंबरों पर तुरंत सूचना दें, जिससे समय रहते राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया जा सके। अग्निशमन विभाग की टीमें चौबीसों घंटे सातों दिन नागरिकों की सुरक्षा के लिए मुस्तैद हैं।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी सौरभ भट्ट, उप जिलाधिकारी सदर अरुण दीक्षित, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल, कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधिकारी अमित विक्रम, सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव सहित पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, आवासीय कल्याण संघ एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
