गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर निगम अधिकारियों, पार्षदों, कर्मचारियों और अन्य उपस्थित लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए तथा वंदे मातरम् और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया।
समारोह के बाद नगर निगम मुख्यालय से दुर्गा भाभी चौक तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में नगर निगम के विद्यालयों की छात्राओं और अध्यापिकाओं के साथ महापौर, नगर आयुक्त तथा अन्य लोग शामिल हुए। रैली का मुख्य आकर्षण 80 फीट लंबा तिरंगा रहा। विशाल तिरंगे के साथ निकली रैली ने शहर में देशभक्ति का माहौल बना दिया। महापौर और नगर आयुक्त ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें चॉकलेट वितरित कीं। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद राजीव शर्मा भी मौजूद रहे।
‘हर घर तिरंगा’ के साथ ‘हर मन तिरंगा’ की भावना अपनाने पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक युवा और नागरिक को तिरंगे का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के साथ ‘हर मन तिरंगा’ की भावना को भी अपनाने की जरूरत है। युवाओं को स्वतंत्र विचार और सकारात्मक सोच के साथ देश तथा अपने शहर को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने नगर निगम विद्यालयों की छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ये छात्राएं प्रदेश और देश में शहर का नाम रोशन कर रही हैं।
महापौर सुनीता दयाल ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आज देशवासियों को मिली स्वतंत्रता वीर शहीदों के संघर्ष और बलिदान की देन है। उन्होंने बिना अपने प्राणों की चिंता किए देश को आजाद कराने वाले वीरों को याद करते हुए कहा कि देश, प्रदेश और शहर को समृद्ध बनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने में नागरिक सहभागिता जरूरी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम ने शहरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने की भी अपील की। महापौर और नगर आयुक्त ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। स्वच्छता अभियान में पार्षदों, सामाजिक संस्थाओं और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों सहित विभिन्न संगठनों का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने सभी से इसी सहयोग और सहभागिता को आगे भी जारी रखने की अपील की।
