यीडा क्षेत्र में मेडिकल हब से लेकर ताइवान सिटी तक, 92वीं बोर्ड बैठक में कई बड़े फैसले

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
YEIDA Region: From a Medical Hub to Taiwan City, Several Major Decisions Taken at the 92nd Board Meeting — IMAGE CREDIT TO प्राधिकरण

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की 92वीं बोर्ड बैठक सोमवार को आयोजित हुई, जिसमें क्षेत्र के औद्योगिक, चिकित्सा, शिक्षा, परिवहन और आधारभूत ढांचे के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति की भी समीक्षा की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 31 जुलाई 2026 तक प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां 1853.74 करोड़ रुपये रहीं, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की 974.37 करोड़ रुपये की प्राप्तियों से 90.25 प्रतिशत अधिक हैं। औद्योगिक और मिश्रित भूमि योजना से 1195.99 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई, जो पूरे वर्ष के बजट प्रावधान का 86.17 प्रतिशत है।

बोर्ड ने सेक्टर-13 और 14 में 500 एकड़ भूमि पर चिकित्सा केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है। सेक्टर-14 में 480 एकड़ में विश्वविद्यालय नगरी, सेक्टर-34 में करीब 36 एकड़ में मंडी और सेक्टर-23डी में लगभग 50 एकड़ भूमि पर आधुनिक अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के लिए भूमि चिन्हित की गई है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के समीप सेक्टर-23सी में अंतरराज्यीय बस अड्डे के लिए भी भूमि चिन्हित की गई है।

ताइवान सिटी और औषधि निर्माण समूह को मंजूरी

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

सेक्टर-6 में ताइवान आधारित उद्योगों के लिए 300 एकड़ में ताइवान सिटी विकसित करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया। इसी सेक्टर में करीब 100 से 125 एकड़ भूमि पर औषधि निर्माण समूह विकसित करने का निर्णय हुआ है। इसके अलावा चिकित्सा उपकरण पार्क में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप परीक्षण सुविधा स्थापित करने तथा तकनीकी विशेषज्ञ समिति गठित करने को मंजूरी दी गई।

पुलिया निर्माण और किसानों के लिए भूमि खरीद दर में बढ़ोतरी

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

आगरा क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे की चैनज 161.21 पर करबन नदी के ऊपर पुलिया निर्माण को भी स्वीकृति मिली है। इससे वर्षा के दौरान जलभराव के कारण बाधित होने वाला आवागमन सुचारू होगा। वहीं गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर में किसानों से सहमति के आधार पर भूमि खरीद दर 4300 रुपये से बढ़ाकर 4558 रुपये प्रति वर्ग मीटर अथवा 4037 रुपये प्रति वर्ग मीटर के साथ सात प्रतिशत आबादी भूखंड देने का निर्णय लिया गया।

Share This Article
Leave a comment