हापुड़/पिलखुवा (शिखर समाचार)। सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, हापुड़ में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। भारत सरकार के ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के खेल मैदान में ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया।
शिक्षा, अनुशासन और सेवा से राष्ट्र निर्माण का संदेश
इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक डॉ. जे. रामचंद्रन और उपाध्यक्ष डॉ. रम्या रामचंद्रेन ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में शिक्षा, अनुशासन और सेवा की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कार्यों के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह में ब्रिगेडियर डॉ. आर.के. सहगल, महाप्रबंधक एन. वर्धराजन, निदेशक रघुवार दत्त, प्रधानाचार्या डॉ. बरखा गुप्ता और चिकित्सा अधीक्षक मेजर जनरल डॉ. चरंजीत सिंह अहलूवालिया सहित संस्थान के अधिकारी मौजूद रहे। डॉ. बरखा गुप्ता ने विद्यार्थियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मेजर जनरल डॉ. चरंजीत सिंह अहलूवालिया ने कहा कि चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और शहीदों को नमन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया।
समारोह में संस्थान के चिकित्सकों, फैकल्टी सदस्यों, विद्यार्थियों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। पूरे परिसर में तिरंगे की शान और देशभक्ति का माहौल बना रहा।
