गाजियाबाद (शिखर समाचार)। अंबेडकर रोड स्थित यूएस पोलो शोरूम में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग शोरूम की पहली मंजिल पर लगी थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम चार दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और घने धुएं के बीच अंदर जाकर आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को समय रहते बुझा लिया गया और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया गया।
चार दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची टीम
जानकारी के अनुसार मंगलवार को दोपहर 12 बजकर 06 मिनट पर कोतवाली स्थित अग्निशमन केंद्र को अंबेडकर रोड पर प्लॉट संख्या 76 स्थित विनय बंसल के यूएस पोलो शोरूम में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली अग्निशमन केंद्र के अग्निशमन अधिकारी चार दमकल वाहनों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। घटना की जानकारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी को भी दी गई, जिसके बाद वह स्वयं मौके के लिए रवाना हुए।
आग के कारणों और नुकसान की जांच जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/privacy-policy/
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग बेसमेंट, भूतल और पहली मंजिल वाले शोरूम की पहली मंजिल पर लगी है। दमकल कर्मियों ने मोटर फायर इंजन से नली बिछाकर भवन की पहली मंजिल तक पहुंच बनाई। घना धुआं होने के बावजूद अग्निशमन कर्मियों ने सावधानीपूर्वक अंदर पहुंचकर पानी की बौछार की और आग को पूरी तरह बुझाकर शांत किया।
आग लगने के कारणों और इससे हुई क्षति का तत्काल पता नहीं चल सका। अग्निशमन विभाग द्वारा घटना की जांच की जा रही है।
