शामली (शिखर समाचार)। मंगलवार को जिलाधिकारी आलोक यादव ने प्रातः करीब 8 बजे जिला संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंजीकरण काउंटर, मेडिसिन एवं डिस्पेंसरी स्टोर, सभी ओपीडी, सीटी स्कैन, इमरजेंसी, अल्ट्रासाउंड कक्ष, निर्माणाधीन ऑपरेशन थिएटर, महिला एवं पुरुष वार्ड तथा पैथोलॉजी लैब का गहन जायजा लिया। आवश्यक फाइलें पूर्ण रूप से उपलब्ध न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
अस्पताल व्यवस्थाओं की गहन जांच
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मेडिसिन स्टोर और डिस्पेंसरी कक्ष में चेकलिस्ट के आधार पर दवाइयों की उपलब्धता की बारीकी से जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की एक्सपायरी दवा मिलने पर उसे निर्धारित मानकों के अनुसार तत्काल निस्तारित किया जाए।
मरीजों से सीधा संवाद, ली सुविधाओं की जानकारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार करा रहे मरीजों से सीधे संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि अल्ट्रासाउंड या एक्स-रे के लिए किसी प्रकार की अवैध धनराशि तो नहीं मांगी जाती। मरीजों ने संतोषजनक जवाब देते हुए बताया कि उन्हें समय पर इलाज मिल रहा है और किसी प्रकार की अवैध मांग नहीं की जाती।
निर्माण कार्य और लैब व्यवस्था पर निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
सीटी स्कैन विभाग में तैनात स्टाफ को मरीजों के साथ सौम्य व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए। वहीं निर्माणाधीन ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। पैथोलॉजी लैब में सैंपल लेने की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने और भीड़ को लाइन में नियंत्रित रखने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने सीएमएस को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह-शाम अस्पताल का नियमित निरीक्षण करें और सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित रखना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी कार्य निर्धारित एसओपी के अनुसार ही किए जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. अनिल कुमार, सीएमएस डॉ. किशोर आहुजा सहित अन्य चिकित्सकीय स्टाफ मौजूद रहा।
