शामली (शिखर समाचार)।
श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनजर जिलाधिकारी आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कांवड़ शिविरों, विश्राम स्थलों और चिकित्सा सहायता केंद्रों का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, यातायात एवं डायवर्जन व्यवस्था के साथ सुरक्षा प्रबंधों को भी परखा गया। डीएम और एसपी ने कांवड़ यात्रियों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने प्रशासन और पुलिस की ओर से की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही न बरतने के निर्देश
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यातायात सुचारू रखने, आपातकालीन सेवाएं तत्काल उपलब्ध कराने, भीड़ प्रबंधन तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी और ड्रोन से रखी जा रही निगरानी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
साथ ही सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी तथा सोशल मीडिया पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने को कहा गया। किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि शिवभक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कांवड़ मार्गों पर लगातार गश्त और पिकेट ड्यूटी की जा रही है, जबकि वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
