शामली।( शिखर समाचार) प्रादेशिक चिकित्सा सेवा संघ के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. कृष्ण गोपाल से मुलाकात कर चिकित्सकों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। पदाधिकारियों ने चिकित्सकों के हित में कार्य करने के लिए सीएमओ से सहयोग की मांग की।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने सीएमओ से की मुलाकात
संघ के जिलाध्यक्ष डा. रामनिवास, सचिव डा. विजेन्द्र कुमार और डा. प्रवीन त्यागी ने सीएमओ को पुष्प भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि चिकित्सकों को समय से वेतन मिलना चाहिए। चिकित्सक पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ मरीजों की सेवा करते हैं। ऐसे में यदि किसी चिकित्सक के खिलाफ झूठी शिकायत की जाती है तो कार्रवाई से पहले उसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
पदाधिकारियों ने कहा कि चिकित्सकों पर अनावश्यक दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए। चिकित्सक दिन-रात मरीजों की सेवा में जुटे रहते हैं और उनकी समस्याओं एवं स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा जाना जरूरी है। उन्होंने सीएमओ से चिकित्सकों के हितों से जुड़े मामलों में सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई।
