गढ़मुक्तेश्वर/हापुड़ (शिखर समाचार)। पावन तीर्थ ब्रजघाट के गंगा तट पर शनिवार की संध्या भक्ति और श्रद्धा के रंगों में सराबोर दिखी। मंत्रोच्चारण, शंखनाद और दीपों की झिलमिलाहट के बीच जब गंगा आरती प्रारंभ हुई, तो पूरा घाट “हर हर गंगे” और “जय गंगे” के गगनभेदी जयघोषों से गूंज उठा। इस भव्य आरती में मेरठ लोकसभा सांसद और रामायण धारावाहिक में मर्यादा पुरुषोत्तम राम की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल की पत्नी लेखा गोविल ने सहभागिता की।
गंगा की लहरों पर झिलमिलाए दीप — आस्था और अध्यात्म से सजी अनोखी आरती
गंगा सेवा समिति और स्थानीय प्रशासन के पदाधिकारियों ने लेखा गोविल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने आरती स्थल पर दीप प्रज्वलित कर मां गंगा से देश और समाज की समृद्धि की कामना की। आरती के दौरान गंगा की लहरों पर तैरते दीपों का नजारा देखते ही बनता था, जिससे वातावरण में आस्था और अध्यात्म की अद्भुत अनुभूति फैल गई।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष अशोक नागर, महामंत्री विष्णुदत्त नागर, कोषाध्यक्ष संजय रस्तौगी, कपिल नागर, विनय मिश्रा, अशोक यादव, मनोज तिवारी, प्रकाश पांडे, अमित मिश्रा, मोहन केवट, गौरव चौधरी, शिव कौशिक समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। आरती के उपरांत भक्तों ने मां गंगा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और घाट पर देर रात तक भक्ति गीतों की स्वर लहरियां गूंजती रहीं।
