रामपुर मनिहारान/सहारनपुर (शिखर समाचार)। सहारनपुर जनपद की होनहार बेटी वीरांगना चौहान ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर हरियाणा लोक सेवा आयोग की सहायक जिला अभियोजन अधिकारी (एडीए) परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तहसील रामपुर मनिहारान के गांव अंबौली निवासी वीरांगना ने सामान्य वर्ग में देशभर में 13वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे गांव में खुशी का माहौल है। वीरांगना की सफलता की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण और परिचित उनके परिवार को बधाई देने पहुंच रहे हैं तथा बेटी के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।
हरियाणा एडीए परीक्षा में वीरांगना चौहान ने हासिल की 13वीं रैंक
वीरांगना के पिता अजय कुमार अध्यापक हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ने कठिन परिश्रम और निरंतर तैयारी के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। हरियाणा लोक सेवा आयोग की सहायक जिला अभियोजन अधिकारी परीक्षा में 13वीं रैंक प्राप्त करना उनकी मेहनत और लगन का परिणाम है।
वीरांगना की सफलता से गांव में खुशी, युवाओं के लिए बनीं प्रेरणास्रोत
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
वीरांगना की इस सफलता से गांव के युवाओं में भी उत्साह है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। वीरांगना ने यह साबित किया है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और नियमित मेहनत से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। उनकी उपलब्धि पर परिजनों और ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त है।
