शिव चौक पर कांवड़ सुरक्षा का एडीजी ने लिया जायजा, अफसरों को अलर्ट रहने के निर्देश

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
ADG Reviews Kanwar Security Arrangements at Shiv Chowk, Instructs Officials to Remain Alert | IMAGE CREDIT TO पुलिस

मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)।

श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन भानु भास्कर और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर व अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण शिव चौक का स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने शिव चौक पर कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात संचालन और भीड़ नियंत्रण के लिए की गई तैयारियों को परखा। रूट डायवर्जन, पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने यह भी देखा कि कांवड़ियों के आवागमन में किसी तरह की बाधा न आए और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए।

कांवड़ यात्रा को सुरक्षित संपन्न कराना प्राथमिकता

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया। अधिकारियों ने साफ किया कि संदिग्ध गतिविधि, कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी स्थिति या आकस्मिक घटना की सूचना में जरा भी देरी नहीं होनी चाहिए।

सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों और नियंत्रण कक्ष को अवगत कराते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एडीजी और डीआईजी ने कहा कि श्रावण कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सकुशल संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय, सतत निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया के साथ ड्यूटी निभाएं।

Share This Article
Leave a comment