मुरादनगर (शिखर समाचार)।
तृतीय लाडली बहन सामूहिक विवाह समारोह में हिन्दू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष आयुष त्यागी काकड़ा ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए पिता के साये से वंचित युवती मानसी का विवाह भाई की भूमिका में पूरे वैदिक रीति-रिवाज और सम्मान के साथ संपन्न कराया। मानसी का पालन-पोषण बचपन से उसकी नानी ने आर्थिक कठिनाइयों के बीच किया। सीमित संसाधनों के कारण परिवार विवाह को लेकर चिंतित था। इसकी जानकारी मिलने पर आयुष त्यागी काकड़ा ने परिवार से मुलाकात कर विवाह की पूरी जिम्मेदारी अपने ऊपर ली और हर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की।
भाई बनकर किया कन्यादान, नवदंपति को दिए गृहस्थी के जरूरी उपहार
सामूहिक विवाह समारोह में आयुष त्यागी काकड़ा ने भाई के रूप में कन्यादान किया तथा नवदंपति को गृहस्थ जीवन की सुखद शुरुआत के लिए आवश्यक सामग्री भेंट कर सम्मानपूर्वक विदा किया। उपहार स्वरूप सोने-चांदी के आभूषण, डबल बेड, गद्दे, अलमारी, श्रृंगार मेज, सोफा, शीतक, एलईडी दूरदर्शन, सिलाई मशीन, पंखा, इस्त्री, मिक्सर, 51 स्टील के बर्तनों का सेट, वस्त्र, श्रृंगार सामग्री, ट्रॉली बैग, हाथ का बैग, नकद राशि तथा अन्य घरेलू उपयोग का सामान प्रदान किया गया।
जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहयोग का लिया संकल्प
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इस अवसर पर आयुष त्यागी काकड़ा ने कहा कि पिता का स्थान कोई नहीं ले सकता, लेकिन यदि समाज का प्रत्येक सक्षम व्यक्ति किसी निराश्रित बेटी का भाई बनने का संकल्प ले, तो आर्थिक अभाव किसी भी बेटी के विवाह में बाधा नहीं बनेगा। उन्होंने भविष्य में भी जरूरतमंद एवं निराश्रित बेटियों के विवाह में हरसंभव सहयोग जारी रखने का संकल्प दोहराया।
समारोह में विशाल त्यागी, मोहित त्यागी, सुशील प्रजापति, हरित खटीक, अवनीश प्रधान, शुभम त्यागी, पुष्कर त्यागी, बबलू प्रजापति, अरविंद भारतीय, अरविंद सिंघल, मोहित गर्ग तथा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगराध्यक्ष राजकुमार गोयल सहित अनेक लोगों ने सहयोग किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे तथा नवविवाहित दंपति को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।
