मुरादनगर में हुई 2 सनसनीखेज हत्याओं का पुलिस ने किया खुलासा, 2 अभियुक्तों को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, 1 के पैर में लगी गोली

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Police solved two sensational murders in Muradnagar, arresting two suspects in an encounter; one of them was shot in the leg IMAGE CREDIT TO POLICE

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना मुरादनगर क्षेत्र में अलग-अलग जगह हुई दो हत्याओं का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने संबंध में दो अभियुक्त हरीश और संदीप को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में हरीश को गोली लगी और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इन दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर 1 अवैध तमंचा, 1 खोखा कारतूस,1 जिन्दा कारतूस और 1 अवैध चाकू बरामद किया। संवाददाता सम्मेलन में डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि थाना मुरादनगर के गंगनहर पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति गंगनहर के लोहे के पुल से कुछ दूरी आगे गंगनहर की पटरी के पास खड़े है और उनके पास असलाह भी है। पुलिस टीम ने थाना मुरादनगर से अतिरिक्त फोर्स तलब कर लोहे के पुल गंगनहर के कुछ दूरी आगे पहुंची तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने फायर किया, जिसमें एक अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी और दूसरा मौके से फरार हो गया। फरार अभियुक्त को भी पुलिस ने कुछ देर बाद चेकिंग में गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि इन दोनों ने ही मिलकर बीती 27 अक्टूबर 2025 को अनिल की हत्या की थी। वही हरीश ने बीती 31 अक्टूबर 2025 को पत्थर से वार कर ट्रक कंडक्टर की हत्या को अंजाम दिया था। हरीश के खिलाफ 7 और संदीप के खिलाफ 3 मुकदमें विभिन्न थानों में दर्ज है। पुलिस पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि हरीश का झगड़ा अनिल से हुआ था, जिसका बदला लेने के लिए हरीश ने नशे की गोलियां डालकर अनिल को शराब पिलाई और जब अनिल को नशा हो गया तो उसके सर पर लगातार ईंट से वार करके उसकी हत्या कर दी। इसके अलावा ट्रक कंडक्टर को लूटने के लिए हरीश ने उसे शराब पिलाई और जब उसके ट्रक की तलाशी में कुछ नहीं मिला तो उसके ऊपर ईंट से वार करके हत्या कर दी।

WhatsApp Image 2025 11 02 at 7.52.41 PM 25
Share This Article
Leave a comment