गाजियाबाद (शिखर समाचार) नगर निगम ने शहर को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाया है। ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज 2025 के लिए निगम ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर ली है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में निगम ने ब्लूमबर्ग फिलैंथ्रॉपी न्यूयॉर्क के पोर्टल पर 1 मिलियन डॉलर की ग्रांट हेतु आवेदन सबमिट कर दिया है। इस बार गाजियाबाद का लक्ष्य विश्व की शीर्ष 25 ग्लोबल सिटीज़ में स्थान प्राप्त करना है।
गाजियाबाद का सतत विकास—गोबर से प्राकृतिक पेंट प्रोजेक्ट अगले चरण में
इससे पहले गाजियाबाद और विशाखापट्टनम दोनों का नाम विश्व की 50 ग्लोबल सिटीज़ की सूची में शामिल हुआ था। उस दौरान नगर निगम को गोबर से प्राकृतिक पेंट तैयार करने के 50 लाख रुपए के प्रोजेक्ट के लिए चयनित किया गया था। प्रोजेक्ट को गति देने के लिए निगम ने विशेष टीम गठित की और अब यह योजना अपने अगले चरण में पहुंच चुकी है।
पहले चरण में निगम द्वारा बनाए गए गोबर आधारित प्राकृतिक पेंट का उपयोग शहर के 50 सरकारी स्कूलों में किया जाएगा। इस पेंट को स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने तैयार किया है, जिनकी मेहनत और रचनात्मकता से यह उत्पाद अब बाजार तक पहुंच चुका है। दीपावली मेला और स्वदेशी मेले में इन पेंट्स के स्टॉल लगाकर आम नागरिकों को जागरूक भी किया गया है।
गाजियाबाद को मिल सकती है 10 करोड़ की ग्रांट—ब्लूमबर्ग फिलैंथ्रॉपी में चयन की उम्मीद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/rakesh-tikait-arrived-at-the-gadh-ganga-fair/
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि फाइनल राउंड के लिए एप्लीकेशन ब्लूमबर्ग फिलैंथ्रॉपी के पोर्टल पर सबमिट की जा चुकी है। इसमें पूरे प्रोजेक्ट की तकनीकी, आर्थिक और सामाजिक प्रभाव से जुड़ी जानकारी विस्तृत रूप में दी गई है। निर्णय वर्ष 2026 में आएगा और चयन होने पर गाजियाबाद को 10 करोड़ रुपए (1 मिलियन डॉलर) की ग्रांट प्राप्त होगी।
महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के संयुक्त निर्देशन में निगम टीम ने इस प्रोजेक्ट को जनहित और पर्यावरण हित दोनों को जोड़ते हुए आगे बढ़ाया है। गोबर से बने पेंट के प्रयोग से न केवल अपशिष्ट का पुन: उपयोग हो रहा है बल्कि शहर में स्वच्छता और हरित सोच को भी बढ़ावा मिल रहा है।

निगम अधिकारियों ने बताया कि ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज में यह प्रयास केवल पुरस्कार के लिए नहीं बल्कि सतत विकास की दिशा में शहर को नई दिशा देने के लिए है। उम्मीद जताई जा रही है कि गाजियाबाद इस बार विश्व की शीर्ष 25 ग्लोबल सिटीज़ की सूची में स्थान बनाकर देश का नाम रोशन करेगा।
