——-हिंदू राष्ट्र संकल्प यात्रा में हुआ एलान, लव जिहाद और धर्मांतरण के खिलाफ अब निर्णायक आंदोलन
लखनऊ (शिखर समाचार) विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय के नेतृत्व में शनिवार की सुबह राजधानी लखनऊ से हिंदू राष्ट्र संकल्प यात्रा का शुभारंभ हुआ। यह यात्रा रायबरेली, प्रतापगढ़ होते हुए प्रयागराज पहुंची, जहां विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए गोपाल राय ने कहा कि अब देशभर में हिंदू राष्ट्र की स्थापना के लिए निर्णायक संघर्ष शुरू हो गया है। उन्होंने एलान किया कि जब तक भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित नहीं किया जाता, तब तक यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है।
हिंदू समाज की सुरक्षा का आह्वान: अब चुप्पी का दौर खत्म, अस्मिता और संस्कृति की रक्षा जरूरी
उन्होंने कहा कि सदियों से हिंदू समाज पर अत्याचार और आक्रमण होते रहे, लेकिन अब चुप्पी का दौर खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि लव जिहाद, धर्मांतरण और हिंदू विरोधी शक्तियां हमारे समाज की जड़ों को खोखला कर रही हैं। अब हर हिंदू को अपनी अस्मिता और संस्कृति की रक्षा के लिए जागना होगा।
प्रयागराज में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए गोपाल राय ने कहा कि यह आंदोलन किसी संगठन या व्यक्ति का नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और राष्ट्र गौरव की पुनर्स्थापना का मिशन है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे धर्म और देश की रक्षा के लिए आगे आएं, क्योंकि हिंदू समाज की एकता ही भारत की आत्मा है।
लव जिहाद और धर्मांतरण को राष्ट्रीय सुरक्षा की चुनौती बताया, जनआंदोलन के जरिए जागरूकता बढ़ाने का अभियान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/add-cp-ips-keshav-kumar-chaudhary-briefed-abs-college-students/
इस मौके पर विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय महासचिव पंकज प्रधान ने कहा कि लव जिहाद और धर्मांतरण देश की सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती हैं। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि यह केवल धार्मिक नहीं बल्कि राष्ट्रीय अस्मिता से जुड़ा विषय है। उन्होंने बताया कि परिषद साधु-संतों और जागरूक नागरिकों के साथ मिलकर इस अभियान को जनांदोलन के रूप में आगे बढ़ा रही है।
प्रधान ने कहा कि धर्मांतरण समाज में वैमनस्य फैलाने का माध्यम बन चुका है। हिंदू समाज की एकता और उसकी सांस्कृतिक पहचान को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए हर व्यक्ति को जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य लोगों में धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति चेतना जगाना है।

यात्रा के समापन अवसर पर वातावरण “जय श्रीराम” और “हर हर महादेव” के नारों से गूंज उठा। मंच पर हिमांशु धवल, कुशाग्र अग्रवाल, ओम प्रकाश कश्यप, पंकज सिंह, जफर नकवी, दीपक यादव, राजेश मौर्या, डॉक्टर रमापति त्रिपाठी, अंजनी पांडेय ‘महाराज’, बॉबी केशरवानी, पवन पांडेय, आशीष केसरवानी, संजय पांडेय, श्यामबाबू पांडेय, चंद्र प्रकाश पांडेय और राजीव पांडेय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
