गाज़ियाबाद (शिखर समाचार) आईएमएस गाज़ियाबाद में स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस की ओर से इंटर-इंस्टीट्यूशनल टेक्निकल वार्षिक महोत्सव इन्वेन्ट 2025 का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस मौके पर आईएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के जनरल सेक्रेटरी सीए (डॉ.) राकेश छारिया, मुख्य अतिथि अमित मंडाहर (फाउंडर एवं सीआईओ, क्रेडो सॉफ्टेक प्रा. लि.), विशिष्ट अतिथि सत्येंद्र सिंह (एजाइल कंसल्टेंट, एक्सेंचर), निदेशक प्रो. (डॉ.) जसकिरण कौर तथा विभागाध्यक्ष डॉ. गगन वार्ष्णेय मौजूद रहे।
तकनीकी उत्सव में युवाओं की प्रतिभा का जलवा: 650 से अधिक प्रतिभागियों ने दिखाई क्रिएटिव और कोडिंग कला
कार्यक्रम में रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का संगम देखने को मिला। इस वार्षिक फेस्ट के तहत कुल पांच तकनीकी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिनमें ब्लाइंड कोडिंग, टेक क्विज, आईओटी फ्यूज़न फोर्स, आईटी गेमिंग और सर्किट रंगोली प्रमुख आकर्षण रहीं। इस भव्य आयोजन में दिल्ली-एनसीआर के 37 से अधिक प्रतिष्ठित स्कूलों और कॉलेजों के लगभग 650 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों में केडीबी पब्लिक स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल, शंभूदयाल ग्लोबल स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, इंग्राहम स्कूल, अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज, गालगोटियास यूनिवर्सिटी, दिल्ली विश्वविद्यालय, एमिटी यूनिवर्सिटी और काइट कॉलेज के विद्यार्थी प्रमुख रहे।
ब्लाइंड कोडिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने बिना स्क्रीन देखे अपने प्रोग्रामिंग कौशल का प्रदर्शन किया, जबकि सर्किट रंगोली में तकनीकी थीम पर आधारित रचनात्मक रंगोली प्रस्तुत की गई। टेक क्विज में दो राउंड के माध्यम से सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े प्रश्नों पर प्रतिभागियों की ज्ञान-परख की गई। आईटी गेमिंग में डिजिटल कौशल की परीक्षा हुई, वहीं आईओटी फ्यूज़न फोर्स में प्रतिभागियों ने ड्रोन बनाकर तकनीकी नवाचार की झलक पेश की।
अमित मंडाहर का संदेश: टीमवर्क, नवाचार और अनुभव से बनती है सफलता
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/on-ramte-ram-road-the-municipal-commissioner/
मुख्य अतिथि अमित मंडाहर ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व और नवाचार की सोच का विकास होता है। उन्होंने कहा कि असफलताओं को अनुभव की तरह स्वीकार कर निरंतर आगे बढ़ते रहना ही सफलता का मूल मंत्र है।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। टेक क्विज में आईएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज के आशीष साहू और अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज के आर्यन जायसवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आईएमएस यूनिवर्सिटी कोर्सेज कैंपस के शिवम गोयल और अजय कुमार गर्ग कॉलेज के यश द्वितीय स्थान पर रहे। सर्किट रंगोली में आईएमएस की अंशिका शर्मा, नेहा, स्वाति और चंचल की टीम प्रथम रही, जबकि अजय कुमार गर्ग कॉलेज की अंशिका त्यागी और आयुषी दुबे की टीम दूसरे स्थान पर रही।
ब्लाइंड कोडिंग और आईओटी फ्यूज़न फोर्स में छात्रों ने जीते पुरस्कार, प्रतिभा की छाई छाप
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/6-5-acres-of-land-cleared-of-encroachment/
ब्लाइंड कोडिंग में अजय कुमार गर्ग कॉलेज के कृष ने प्रथम और आईएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज के रोबिन कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया। आईओटी फ्यूज़न फोर्स में केडीबी पब्लिक स्कूल की टीम विजेता रही, जबकि आईआईएलएम यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा की टीम उपविजेता बनी।
कार्यक्रम के समापन पर निदेशक प्रो. (डॉ.) जसकिरण कौर ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और तकनीकी क्षेत्र में निरंतर नये प्रयोग करते रहने का संदेश दिया। विजेता प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार और स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन प्रो. नीरू सक्सेना द्वारा सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापन कर किया गया।

