हापुड़(शिखर समाचार)
जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर मंगलवार दोपहर अचानक रणक्षेत्र बन गया, जब दो अधिवक्ताओं के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के बावजूद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिससे पूरे परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल और अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसी तरह हालात काबू में किए।
कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं के बीच विवाद: धक्का-मुक्की से मचा अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार हापुड़ के सबली निवासी अधिवक्ता सन्नी त्यागी एक मामले में पेशी पर कोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान फ्री गंज रोड पर उनकी मुलाकात अधिवक्ता भोपाल सिंह सिसौदिया से हो गई। किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों में तीखी नोकझोंक हुई और मामला देखते ही देखते धक्का-मुक्की व मारपीट तक पहुंच गया। कुछ ही पलों में कचहरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई, कई अधिवक्ता और वादी-पक्ष वहां से दूर हट गए।
घटना की खबर लगते ही थाना हापुड़ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर माहौल शांत किया। थोड़ी देर बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारी भी वहां पहुंचे और आरोपी अधिवक्ता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि यदि पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो अधिवक्ता समुदाय न्यायिक कार्यों से दूरी बना लेगा।

थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि पीड़ित अधिवक्ता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण भी किया है। फिलहाल न्यायालय परिसर में शांति बनी हुई है, लेकिन अधिवक्ताओं में रोष स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
