गाजियाबाद (शिखर समाचार)। अवैध कॉलोनियों और बिना स्वीकृत नक्शे के विपरीत हो रहे निर्माणों पर सख्त रुख अपनाते हुए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने शनिवार को सिहानी सद्दीकनगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने लगभग 16 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग और निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
अवैध निर्माण पर कड़ी कार्रवाई: प्राधिकरण ने किया फार्म हाउस और सड़कें ध्वस्त
जानकारी के अनुसार, सिहानी सद्दीकनगर में देवेन्द्र त्यागी व अन्य व्यक्तियों द्वारा कृषि भूमि पर प्लॉटिंग और निर्माण कार्य किया जा रहा था। मौके पर प्राधिकरण की टीम ने पहुंचकर करीब 2000 वर्ग गज क्षेत्र में बने फार्म हाउस को ध्वस्त कर दिया। साथ ही, खेत की जमीन पर बनाई गई इंटरलॉकिंग टाइल्स वाली सड़कें और कमरे आदि को भी पूरी तरह तोड़ दिया गया।
विरोध के बावजूद कार्रवाई जारी: पुलिस ने किया अवैध निर्माण से जुड़े तत्वों को निष्कासित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/mission-shakti-5-self-defense/
कार्यवाही के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने तुरंत स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए उन्हें वहां से हटा दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों को चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा अवैध प्लॉटिंग या निर्माण करने का प्रयास किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्राधिकरण की टीम ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न इलाकों में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा |कार्यवाही के दौरान प्रवर्तन अनुभाग का पूरा स्टाफ तथा पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
