हापुड़ (शिखर समाचार)। जनपद में पुलिस ने दीपावली के पावन पर्व से पूर्व एक सराहनीय पहल करते हुए चोरी हुए और खोए हुए 12 लाख रुपये मूल्य के 51 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए हैं। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त किया।
सर्विलांस टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से बरामद किए 51 मोबाइल
पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जनपदीय सर्विलांस टीम और विभिन्न थानों की पुलिस ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से तकनीकी सहायता लेते हुए विभिन्न कंपनियों के कुल 51 मोबाइल फोन तलाशने में सफलता हासिल की। ये सभी मोबाइल फोन अलग-अलग जनपदों और राज्यों से बरामद किए गए हैं।
दीपावली से पहले मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) द्वारा बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों के सुपुर्द किए गए। दीपावली के मौके पर अचानक कीमती मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को जब फोन मिला, तो वे खुशी से झूम उठे। इस कार्रवाई से आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
