हरिद्वार (शिखर समाचार)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, सफलतापूर्वक और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन के दौरान मतदान और मतगणना कार्यों के लिए कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद के सभी सरकारी एवं अर्द्धसरकारी विभागों, कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों तथा शिक्षकों का डाटाबेस तैयार किया जा रहा है।
विधानसभा चुनाव-2027 के लिए कार्मिकों का डाटाबेस तैयार करने की प्रक्रिया शुरू
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड, देहरादून के निर्देशों के अनुपालन में यह प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके तहत जनपद के सभी संबंधित विभागों और शिक्षण संस्थानों से कार्मिकों का अद्यतन विवरण प्राप्त किया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों, कार्यालयाध्यक्षों और शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित प्रारूप-1 एवं प्रारूप-2 के भाग 2/1, 2/2, 2/3 और 2/4 में मांगी गई सूचना शुद्ध, स्पष्ट, त्रुटिरहित और अद्यतन रूप में 5 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।
5 नवंबर तक विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग और कार्यालय कार्मिकों का विवरण ई-मेल आईडी uahar@nic.in पर भेज सकते हैं अथवा इसकी हार्ड कॉपी जिला सूचना विज्ञान केंद्र, हरिद्वार में जमा करा सकते हैं। निर्धारित प्रारूप में प्राप्त सूचनाओं के आधार पर निर्वाचन कार्मिकों का डाटाबेस तैयार किया जाएगा। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि तय समयसीमा तक कार्मिकों का विवरण उपलब्ध नहीं कराने वाले संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
