हापुड़ (शिखर समाचार)। हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (एचपीडीए) के उपाध्यक्ष के सख्त निर्देशों के अनुपालन में प्राधिकरण के प्रवर्तन दल ने अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने थाना सिम्भावली और थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत बिना अनुमति व मानचित्र स्वीकृत कराए किए जा रहे अवैध निर्माणों से जुड़े 03 मामलों में सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया है।
दो पिकनिक स्पॉट सहित तीन अवैध निर्माणों पर की सीलिंग की कार्रवाई
प्राधिकरण से प्राप्त विवरण के अनुसार, पहली कार्रवाई थाना सिम्भावली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिखेड़ा, एन०एच०-09, गढ़मुक्तेश्वर में की गई, जहाँ दिलीप अग्रवाल पुत्र भीमराज अग्रवाल द्वारा लगभग 523 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनाए जा रहे पिकनिक स्पॉट को सीज किया गया। इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई थाना सिम्भावली क्षेत्र के ही ग्राम खुडलिया (बक्सर फ्लाई ओवर के निकट, गढ़मुक्तेश्वर) में की गई, जहाँ धीरज शर्मा पुत्र रामप्रकाश शर्मा द्वारा लगभग 800 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे पिकनिक स्पॉट को सील किया गया।
तीसरी कार्रवाई थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चकसैनपुर (खसरा संख्या 407) में की गई, जहाँ रणवीर सिंह पुत्र करन सिंह द्वारा लगभग 25 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनाए गए अवैध कमरे पर सीलिंग की कार्रवाई की गई है। इस पूरी छापामार एवं सीलिंग कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण का प्रवर्तन दल और सचल दस्ता पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रखने की चेतावनी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्राधिकरण के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध निर्माणों और अनधिकृत विकास कार्यों के खिलाफ यह निरंतर अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही, आम जनता से अपील की गई है कि लोग नियमानुसार मानचित्र स्वीकृत कराकर ही किसी भी प्रकार का निर्माण या विकास कार्य करवाएं, अन्यथा अवैध निर्माणों पर होने वाली ध्वस्तीकरण व सीलिंग जैसी वैधानिक कार्रवाई में होने वाली क्षति के लिए निर्माणकर्ता स्वयं उत्तरदायी होंगे।
