गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो और उसकी समस्या का वास्तविक समाधान हो सके।
भूमि विवाद और अवैध कब्जे सहित विभिन्न शिकायतों पर दिया ध्यान
इस दौरान भूमि विवाद, राजस्व संबंधी प्रकरण, अवैध कब्जे, पेंशन, राशन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान शासन और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी अधिकारी जनसामान्य की शिकायतों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील रहें।
शिकायतों का धरातल पर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जनसुनवाई के माध्यम से शासन की मंशानुरूप अधिकारियों को यह भी पाबंद किया गया कि वे धरातल पर उतरकर प्रभावी कार्रवाई करें, ताकि आम जनता को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें और उन्हें समय पर न्याय व राहत मिल सके।
