75 से अधिक छठ घाटों पर होंगी विशेष व्यवस्थाएं, रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएंगे घाट

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Special Arrangements to Be Made at More Than 75 Chhath Ghats, Which Will Be Illuminated with Colourful Lights. IMAGE CREDIT TO नगर निगम

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। छठ पर्व को लेकर गाजियाबाद नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और पर्व को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने पूर्वांचल समाज की विभिन्न संस्थाओं और समितियों के सदस्यों के साथ बैठक कर सुझाव मांगे। महापौर सुनीता दयाल तथा नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम के सभी संबंधित विभागों को तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में पुरबिया जनकल्याण परिषद के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। परिषद की ओर से रीता सिंह, राकेश तिवारी, जय दीक्षित और मनोज ने प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी छठ पर्व के लिए बेहतर व्यवस्थाएं किए जाने पर नगर निगम का आभार जताया। उन्होंने सभी छठ घाटों को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी से सजाने का सुझाव दिया, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण मिल सके।

75 से अधिक छठ घाटों पर होंगी प्रकाश, पानी और सफाई की व्यवस्थाएं

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

नगर आयुक्त ने बताया कि हिंडन नदी स्थित छठ घाट के अलावा नगर निगम क्षेत्र में 75 से अधिक छठ घाटों को व्यवस्थित किया जा रहा है। सभी घाटों पर प्रकाश, पानी और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था रहेगी। हिंडन नदी छठ घाट पर आकर्षक लेजर लाइट शो आयोजित किया जाएगा, जबकि अन्य प्रमुख घाटों पर भी रंग-बिरंगी और आकर्षक लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए प्रकाश विभाग के वरिष्ठ प्रभारी नरेंद्र कुमार चौधरी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश को छठ घाटों के साथ वहां तक पहुंचने वाले मार्गों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी जोनल प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के छठ घाटों की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी भी घाटों पर लगाई गई है, ताकि तैयारियों की नियमित निगरानी हो सके और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार और मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

Share This Article
Leave a comment