दादरी (शिखर समाचार)। नगर पालिका परिषद दादरी की ओर से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम में भव्य एवं आकर्षक रंगोली बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम नगर पालिका परिषद दादरी की अध्यक्ष गीता शर्मा एवं अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता के मार्गदर्शन और निर्देशन में आयोजित किया गया। रंगोली के माध्यम से नगरवासियों को स्वच्छता के महत्व और अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने के लिए जागरूक किया गया।
रंगोली के जरिए दिया स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम में शैफाली पब्लिक स्कूल, रेलवे रोड, दादरी की शिक्षिकाओं पूजा सिसोदिया, गुलफिशा सैफी, निशा अनुरागी, निशा गर्ग, ज्योति सिंह और गौरी सोनी के मार्गदर्शन में कक्षा आठ की छात्राओं सृष्टि भाटी, अनन्या रावत, जोया सैफी तथा दिशा शर्मा ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। शिक्षिकाओं और छात्राओं ने मिलकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए ‘स्वच्छता ही सेवा’ और स्वच्छता के महत्व को दर्शाती सुंदर रंगोली तैयार की।
अध्यक्ष गीता शर्मा एवं अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता ने छात्राओं और शिक्षिकाओं के प्रयास की सराहना करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
तुलसी विहार कॉलोनी में चलाया धूल नियंत्रण अभियान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इसके साथ ही नगर पालिका परिषद की ओर से वार्ड संख्या आठ तुलसी विहार कॉलोनी में वायु प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए धूल नियंत्रण अभियान चलाया गया। निर्माण एवं ध्वस्तीकरण अपशिष्ट तथा घर-घर कचरा पृथक्करण को लेकर भी विशेष जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
