शामली (शिखर समाचार)। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को सांसद चौधरी इकरा हसन की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सांसद ने विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए। सांसद ने बलवा फ्लाईओवर के निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्य में तेजी लाने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर का निर्माण आगामी 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों के मुआवजे की समीक्षा में 98 प्रतिशत भुगतान होने तथा शेष दो प्रतिशत भुगतान की प्रक्रिया जारी होने की जानकारी दी गई।
विकास योजनाओं और जनसमस्याओं के समाधान पर जोर
ALSO READ:
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान सभी विकासखंडों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना से आच्छादित करने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को लंपी बीमारी की रोकथाम के लिए सतर्क रहने को कहा गया। बिना चारदीवारी वाले विद्यालयों में आवश्यक कार्रवाई, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में सुधार तथा राशन संबंधी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के तहत पेयजल समस्या वाले गांवों में शीघ्र समाधान कराने और बालिका विद्यालयों में किशोरी क्लब गठित करने को कहा गया। श्रम विभाग को योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर पात्र श्रमिकों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और अनधिकृत केंद्रों पर कार्रवाई के निर्देश
ALSO READ:
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में आयुष्मान कार्ड संबंधी समस्याओं के निस्तारण तथा अनधिकृत अल्ट्रासाउंड केंद्रों और झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखी डायलिसिस मशीन को चालू कराने की मांग भी उठाई गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन, विद्युत और स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा हुई। जिलाधिकारी आलोक यादव ने सभी मुद्दों का प्राथमिकता से निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। बैठक में एमएलसी वीरेंद्र सिंह, विधायक प्रसन्न चौधरी, विधायक नाहिद हसन, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
