——हिण्डन नदी के समीप अवैध प्लॉटिंग, बाउंड्री और बिल्डर कार्यालय पर भी चला जीडीए का बुलडोजर
आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को प्रवर्तन जोन-4 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने सिद्धार्थ विहार के डूब क्षेत्र में लगभग 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी और प्लॉटिंग से संबंधित निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही हिण्डन नदी के समीप डूब क्षेत्र में की गई अवैध प्लॉटिंग, बाउंड्री, अवैध बिल्डर कार्यालय तथा छोटे-बड़े अनधिकृत भवनों को भी ध्वस्त किया गया।
स्थानीय निर्माणकर्ताओं ने किया विरोध, पुलिस बल की मौजूदगी में जारी रही कार्रवाई
प्राधिकरण के अनुसार भवन एवं भूखंड संख्या के-235, सेक्टर-9, विजय नगर, गाजियाबाद के अग्रभाग पर किए गए अवैध कब्जे और निर्माण को भी ध्वस्त कर अनुपयोगी बना दिया गया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं और कॉलोनाइजरों ने विरोध करने का प्रयास किया। हालांकि प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई को जारी रखा।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना अनुमति किए जा रहे अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि डूब क्षेत्र और अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में अवैध निर्माण को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन जोन-4 के प्रभारी, अवर अभियंता, प्राधिकरण प्रवर्तन दस्ते के कर्मचारी तथा प्राधिकरण पुलिस बल मौजूद रहा। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि आगामी माह में भी अवैध निर्माणों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।
