गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में मकान पर कब्जे की शिकायत लेकर पहुंची महिला को प्रशासन की कार्रवाई के बाद उसके मकान का कब्जा दिलाया गया। मकान का कब्जा मिलने पर महिला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिलाधिकारी और पूरी प्रशासनिक टीम का आभार जताया।
राजीव नगर, भौपुरा निवासी रीना पत्नी रवि ने जनसुनवाई में शिकायत की थी कि उन्होंने 30 मार्च 2026 को वीरेंद्र सिंह से संपत्ति कारोबारी तरुण चौधरी के माध्यम से रामा विहार कॉलोनी, ग्राम ब्रह्मपुरी उर्फ भोपुरा स्थित डेढ़ मंजिला मकान खरीदा था। महिला का आरोप था कि विक्रेता के परिवार के कुछ सदस्यों ने मकान पर कब्जा कर उसमें ताला लगा दिया, जिससे उन्हें अपने परिवार और बच्चों के साथ परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
टीम गठित कर जांच और कार्रवाई के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी सदर अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना टीला मोड़ के प्रभारी निरीक्षक और तहसीलदार रितेश सिंह की टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मामले की जांच कर संबंधित पक्षों से बातचीत की। शनिवार को थाना टीला मोड़ में संबंधित पक्षों को बुलाकर मामले की सुनवाई की गई। हालांकि संपत्ति कारोबारी तरुण चौधरी और वीरेंद्र सिंह उपस्थित नहीं हुए। दोनों पक्षों को सुनने के बाद आपसी सहमति से रीना को मकान का कब्जा दिला दिया गया।

एक दिन में मिली शिकायत का समाधान, जताया आभार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कब्जा मिलने के बाद रीना ने संतोष जताते हुए कहा कि उन्होंने एक दिन पहले ही जिलाधिकारी को अपनी समस्या बताई थी और अगले ही दिन उन्हें मकान मिल गया। उन्होंने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी सहित पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उप जिलाधिकारी सदर ने बताया कि महिला को मकान का कब्जा दिलाया गया है। मामले की जांच अभी जारी है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
