हरिद्वार (शिखर समाचार)। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित मिशन के विभिन्न घटकों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जनपद की ग्रामोत्थान टीम भी मौजूद रही।
स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा
बैठक में स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के बैंक खातों का अद्यतन, पहचान सत्यापन, समूहों तथा ग्राम संगठनों के लेखा परीक्षण, समूहों की अपूर्ण प्रोफाइल पूरी करने और बैंक खाता विहीन समूहों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वयं सहायता समूह, ग्राम संगठन और संकुल स्तरीय संघ के वित्तीय लेन-देन को पूर्ण करने पर जोर दिया गया। ई-बुककीपर के माध्यम से ग्राम पंचायतवार कार्य निर्धारित समय में पूरा कराने को कहा गया।
अधिकारियों ने ग्राम स्तरीय उद्यमिता एवं आजीविका योजनाओं को ग्राम सभा और ग्राम पंचायत विकास योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए आजीविका संबंधी गतिविधियों को प्राथमिकता देने तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से प्रशिक्षण समय पर पूरा कराने के साथ छोटे उद्यमों और आपसी ऋण व्यवस्था को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।
लखपति दीदियों की आय बढ़ाने के लिए विभागों से समन्वय के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लखपति दीदियों की आय बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर उन्हें अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आजीविका को मजबूत करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। बैठक में समूहों की महिलाओं से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध पूरा करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जिला विकास अधिकारी, राज्य मिशन प्रबंधक दिवाकर पुरोहित, वरिष्ठ मिशन प्रबंधक विनकेश, वरिष्ठ मिशन प्रबंधक चरणजीत, उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से दुर्गा गैरोला, छह विकासखंडों के खंड विकास अधिकारी तथा ग्रामोत्थान टीम के जिला विषय विशेषज्ञ सूरज कुमार और सूचना प्रबंधन प्रणाली से जुड़े दानेश सहित अधिकारी मौजूद रहे।
