बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को कांधला रोड पर अवैध रूप से संचालित किए जा रहे क्लिनिक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी रही। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना पंजीकरण चिकित्सा सेवाएं देने वाले लोगों में हड़कंप मच गया।
बिना पंजीकरण चल रहे क्लिनिकों के खिलाफ अभियान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर जनपद में बिना पंजीकरण अथवा फर्जी डिग्री के आधार पर संचालित अस्पतालों, क्लिनिकों और झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. प्रणव तेवतिया के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को कस्बे में विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कांधला रोड पर डॉ. इसरार राणा के नाम से एक क्लिनिक संचालित होता मिला। जांच में चिकित्सकीय पंजीकरण संबंधी मानक पूरे नहीं पाए जाने पर टीम ने क्लिनिक को सील करने की कार्रवाई की।
मानकों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. प्रणव तेवतिया ने कहा कि क्षेत्र में बिना निर्धारित मानकों के कोई भी अवैध अस्पताल या क्लिनिक संचालित नहीं होने दिया जाएगा। झोलाछाप चिकित्सकों और अपंजीकृत जांच प्रयोगशालाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों को नोटिस देकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम में हरविंदर सिंह, शशांक और प्रवीण कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
