राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा ने की जनसुनवाई, 120 शिकायतों के निस्तारण के निर्देश

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
National Commission for Women Chairperson Holds Public Hearing, Directs Disposal of 120 Complaints IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

बिजनौर (शिखर समाचार)। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा विजय रहाटकर ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई की। उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा और राष्ट्रीय महिला आयोग हर कदम पर उनके साथ है। जनसुनवाई में पूर्व में चिन्हित 30 तथा नई 90 शिकायतों समेत कुल 120 शिकायतें प्राप्त हुईं। आयोग की अध्यक्षा ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सभी शिकायतों की जांच कर गुणवत्तापरक और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और प्रत्येक मामले में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया। जनसुनवाई में लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, दहेज उत्पीड़न, पेंशन, आवास और ससुराल पक्ष द्वारा उत्पीड़न सहित विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। इन सभी मामलों की 15 दिन के भीतर जांच कर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।

आपसी सहमति से तीन दंपतियों ने खत्म किया विवाद

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जनसुनवाई के दौरान आपसी मनमुटाव के कारण अलग रह रहे तीन दंपतियों ने आपसी सहमति से विवाद समाप्त कर साथ रहने का निर्णय लिया। इस पर आयोग की अध्यक्षा ने खुशी जताई। उन्होंने जिलाधिकारी जसजीत कौर के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी प्रशंसा की।

उत्पीड़न सहन न करने और शिकायत दर्ज कराने की अपील

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

विजय रहाटकर ने महिलाओं से कहा कि वे अपने साथ होने वाले किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को सहन न करें और इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों अथवा आयोग में करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आयोग शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी जसजीत कौर सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment