गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जनपद में गरीब, कमजोर और आम नागरिकों की भूमि पर अवैध कब्जा करने, भूमि संबंधी धोखाधड़ी तथा संपत्ति विवादों में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देश पर तहसील स्तर पर गठित भूमाफिया कार्यबल द्वारा भूमि संबंधी मामलों की समीक्षा और जांच की जा रही है। इसी क्रम में जिले में 13 नए व्यक्तियों को भूमाफिया के रूप में कार्रवाई के लिए चिन्हित किया गया है।
प्रशासन के अनुसार तहसील स्तर पर गठित कार्यबल ने ऐसे मामलों की जांच की, जिनमें एक ही भूमि अथवा भूखंड को एक से अधिक लोगों को बेचने, जमीन या भूखंड पर अवैध कब्जा करने, भूमि संबंधी धोखाधड़ी करने और गंभीर भूमि विवादों की शिकायतें सामने आई हैं। जिन मामलों में प्राथमिकी दर्ज है अथवा न्यायिक या प्रशासनिक स्तर पर प्रकरण चल रहे हैं, उनमें उपलब्ध अभिलेखों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
लोनी तहसील के 10, सदर के दो और मोदीनगर का एक व्यक्ति शामिल
चिन्हित किए गए 13 व्यक्तियों में तहसील लोनी के 10, सदर तहसील के दो और मोदीनगर तहसील का एक व्यक्ति शामिल है। इनके खिलाफ भूमाफिया के रूप में कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर संस्तुति और प्रस्ताव प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि सभी मामलों में उपलब्ध साक्ष्यों और अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दोषी पाए जाने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गरीब, कमजोर और आम नागरिकों की भूमि पर अवैध कब्जे, फर्जीवाड़े अथवा भूमि संबंधी धोखाधड़ी की शिकायतों का प्राथमिकता से परीक्षण किया जाए। उन्होंने पीड़ितों की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और विधिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
